पर्यावरण संरक्षण तथा जल के संकट को दूर करने के लिए ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान के सोशल एक्टिविटी ग्रुप की ओर से चलाये जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान के तहत 15 दिनों में 5 हज़ार पौधे लगाए जा चुके है। इस अभियान के अन्तर्गत 40 हज़ार पौधे लगाने का लक्ष्य है, जिसके चलते 5 हज़ार पूरे होने पर खुद ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की मुख्य प्रशासिका राजयोगिनी दादी जानकी ने कहा कि पेड़ पौधे ही हमारे जीवन को निरोगी बना सकते है, वहीं देश के सभी सेवाकेन्द्रों पर एक-एक पौधा लगाने की भी दादी जानकी ने अपील की। संस्था के महासचिव बीके निर्वैर ने दादी जी को बड़े स्तर पर प्लांटेशन कराने की रुपरेखा बताते हुए कहा कि इस वर्ष संस्था का प्रयास है कि पूरे देश भर में पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण का प्रयास किया जाए जिससे इन समस्याओं से निपटा जा सके। कार्यक्रम में सोशल एक्टिविटी ग्रुप के अध्यक्ष बीके भरत ने भी लोगों से ज़्यादा से ज़्यादा पौधे लगाकर पेड़ में तब्दील करने की अपील की।
आपको बता दें कि अभियान के तहत आबूरोड, सिरोही समेत काला मगरा, किंवरली, आनन्द सरोवर, मनमोहिनी वन का, उमरनी, आमथला, मोरथला, दानवाव, तलहटी, मुखड़ी माता तथा अन्य कई स्थानों पर पौधे लगाए गए।